
सीधी। तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक में सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहरी में भर्ती कराया गया। मिली जानकारी के अनुसार बहरी थाना अंतर्गत जेठूला गांव में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे यह सडक़ हादसा हुआ। तेज रफ्तार बोलेरो वाहन एमपी 66 जेडएफ 9805 ने एक मोटरसाइकिल एमपी 53 जेडएफ 2485 को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल बहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
बताया गया है कि जडक़ुड़ गांव निवासी कालमणि सिंह अपनी मोटरसाइकिल पर सावित्री सिंह और ननकी सिंह के साथ बहरी बाजार से सामान लेने जा रहे थे। जेठूला गांव के पास पहुंचते ही उनकी बाइक को बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सवार सडक़ पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन समेत फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचित किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के वक्त बोलेरो वाहन तेज रफ्तार में आ रहा था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित हुई और दोनों वाहनों के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बोलेरो चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने घटना की सूचना दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
