उन्हेल पुलिस द्वारा चंद घंटों में अज्ञात हत्याकांड का खुलासा, आरोपी पत्नी गिरफ्तार

उन्हेल. जिला पुलिस अधीक्षक उज्जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री करणदीप सिंह (भापुसे) एवं नगर पुलिस अधीक्षक नागदा श्री विक्रम अहिरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उन्हेल निरीक्षक संतोष चौहान एवं उनकी टीम ने थाना क्षेत्र में हुए एक अज्ञात हत्याकांड का मात्र कुछ घंटों में खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक मंगलवार 16 जून 2026 की सुबह सूचना प्राप्त हुई कि नाग महाराज मंदिर के पीछे, उन्हेल निवासी विक्रम पिता अशोक लोहार (उम्र 32 वर्ष) का शव उसके घर में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उन्हेल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर विक्रम का शव घर के कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। उसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे तथा अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था।

प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर मृतक के पिता अशोक लोहार की रिपोर्ट पर थाना उन्हेल में अपराध क्रमांक 238/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द किया गया।

घटनास्थल का फोरेंसिक यूनिट, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट एवं डॉग स्क्वॉड द्वारा बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए गए। भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी माधुरी उर्फ राधिका पर संदेह होने पर उसे पूछताछ के लिए अभिरक्षा में लिया गया।

महिला प्रधान आरक्षक शर्मिष्ठा शुक्ला द्वारा की गई पूछताछ में माधुरी उर्फ राधिका पति विक्रम लोहार (उम्र 30 वर्ष), निवासी नाग महाराज मंदिर के पीछे, उन्हेल ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि पति द्वारा लगातार मारपीट एवं प्रताड़ित किए जाने से वह परेशान थी। घटना की रात दोनों के बीच पुनः विवाद हुआ, जिसके बाद उसने सोते समय अपने पति के सिर पर हथौड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी माधुरी उर्फ राधिका को गिरफ्तार कर लिया है तथा प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

सराहनीय भूमिका :

निरीक्षक संतोष चौहान, उपनिरीक्षक मांगीलाल मालवीय, प्रधान आरक्षक महेंद्र मिश्रा, महिला प्रधान आरक्षक शर्मिष्ठा शुक्ला, आरक्षक संजीव नैन, आरक्षक कृपाशंकर शर्मा, महिला आरक्षक नर्मदा पंवार एवं डॉग स्क्वॉड टीम उज्जैन यूनिट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Next Post

तेज रफ्तार अपाची बाइक की टक्कर से वृद्धा की मौत

Tue Jun 16 , 2026
सिंगरौली । जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कारी निवासी 60 वर्षीय फूलकेश सिंह गोंड की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार वृद्धा मंगलवार दोपहर गेहूं पिसाने के लिए ग्राम जोगिनी गई थीं। चक्की पर गेहूं रखने के बाद वह वापस घर लौट रही थीं। […]

You May Like