सतना: मानसून के दौरान शहर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम सतना द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। आयुक्त डॉ. शेर सिंह मीना के निर्देशन में जलभराव की रोकथाम, जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए शहर के विभिन्न वार्डों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कराई जा रही है।
स्वास्थ्य अधिकारी अरविन्द प्रताप सिंह के अनुसार नगर निगम का स्वच्छता अमला लगातार मैदानी स्तर पर सक्रिय है। अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 9, 20, 21, 25, 30, 36 एवं 45 में नालियों की सफाई, हैंडपंपों के आसपास विशेष स्वच्छता, सार्वजनिक स्थलों की सफाई तथा प्रमुख मार्गों एवं डिवाइडरों से धूल-मिट्टी हटाने का कार्य कराया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत वार्ड क्रमांक-45 की गली क्रमांक-2 में नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। वार्ड क्रमांक-9 में दुर्गा मंदिर के समीप हैंडपंप एवं उपाध्याय वाली गली में विशेष सफाई कराई गई। वहीं वार्ड क्रमांक-25 के स्टेशन रोड डिवाइडर से धूल एवं मिट्टी हटाने का कार्य किया गया। इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक-20 में हेमू कल्याणी पार्क से मथुरा सिंह बस्ती मार्ग, वार्ड क्रमांक-21 में दिगंबर रोड स्थित विद्यालय परिसर, वार्ड क्रमांक-30 में महादेवा चौराहा–जिगनहट नदी मोड़ स्थित हैंडपंप परिसर तथा वार्ड क्रमांक-36 में शासकीय हाई स्कूल कामता टोला मैदान एवं हैंडपंप परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ की गई।
