सतना: नगर निगम कार्यालय स्थित महापौर कक्ष में बुधवार को महापौर योगेश ताम्रकार ने नगर निगम के इंजीनियरों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित कर शहर में संचालित विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, समय-सीमा एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की।बैठक में महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएँ।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। महापौर श्री ताम्रकार ने कहा कि नगर निगम सतना शहर के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। बेहतर सड़कें, सुदृढ़ अधोसंरचना, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित नगर तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
