इंदौर: मेट्रो रेल को मालवीय नगर चौराहे तक संचालित करने के लिए सहायक सीएमआरएस का दल तकनीकी और सिविल दोनों सेक्टर का निरीक्षण कर रहा है. उक्त सीएमआरएस का दल अगले दो दिन भी यही कार्य करेगा. इसके बाद दिल्ली जाकर रिपोर्ट देगा. रिपोर्ट देखने के बाद चीफ कमिश्नर मेट्रो रेल इंदौर आएंगे.मेट्रो रेल का प्राथमिक कॉरिडोर गांधी नगर से मालवीय नगर चौराहे तक है. पहले चरण में मेट्रो गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर 3 तक चल रही है, जो 6 किलोमीटर का ट्रेक है.
दूसरे चरण का 11.5 किलोमीटर लंबा ट्रेक, जो एमआर 10 सड़क को कवर करते हुए पूर्वी रिंग रोड के मालवीय नगर तक पूरा हो चुका है. स्थानीय मेट्रो ने सभी 11 स्टेशन और अन्य कार्य पूरा कर दिया है. उक्त नए 11.5 किलोमीटर पर व्यवसायिक रन शुरू करने के अनुमति मांगी है. दिल्ली से उप सीएमआरएस का दल सुपर कॉरिडोर के 03 स्टेशन से मालवीय नगर चौराहे तक निरीक्षण और जांच रिपोर्ट तैयार करने आया हुआ है. उप सीएमआरएस दल द्वारा आज तकनीकी और सिविल दोनों कार्यों का निरीक्षण किया गया. सिविल में मेट्रो ट्रेक, एलिवेटेड कॉरिडोर और स्टेशन निर्माण कार्य की जांच की गई. वहीं तकनीकी कार्य में ऑटोमेटिक इंट्री एग्जिट, इलेक्टि्रक कार्य, कंप्यूटर ऑपरेटिंग, एस्केलेटर, लिफ्ट सहित विभिन्न कार्यों का निरीक्षण कर जांच की जा रही है.
दो दिन यहीं रहेगा दल
दिल्ली से आया दल अगले दो दिन यही रहेगा. इसके बाद मुख्य मेट्रो रेल कमिश्नर इंदौर आएंगे. चीफ मेट्रो रेल कमिश्नर द्वारा निरीक्षण के बाद पूरे 17 किलोमीटर ट्रेक पर मेट्रो के व्यवसायिक संचालन की अनुमति जारी होगी. बताया जा रहा है कि सीएमआरएस माह के अंत या मार्च के पहले हफ्ते में निरीक्षण करने आ सकते है.
