नयी दिल्ली, 20 फरवरी (वार्ता) सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा आज बल मुख्यालय, नई दिल्ली में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनवरी 2026 के दौरान विभिन्न राष्ट्रीय एवं अखिल भारतीय पुलिस (एआईपी) प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 64 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता एसएसबी के महानिदेशक संजय सिंघल ने की। उन्होंने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु महानिदेशक डिस्क, नकद पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
साथ ही उन्होंने, वर्ष 2025 में चीन के जियांगयिन, जिआंगसु में आयोजित दसवें सांडा वर्ल्ड कप में रजत पदक विजेता कांस्टेबल रवि पंचाल को उनके उत्कृष्ट अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन और बल का नाम वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित करने हेतु “आउट ऑफ टर्न प्रमोशन” के अंतर्गत कांस्टेबल से हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नत किया।
यह पदोन्नति एसएसबी में खेल उपलब्धियों के आधार पर प्रदान की जाने वाली विशेष प्रोत्साहन नीति के अंतर्गत दी गई है, जिसका उद्देश्य असाधारण प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना एवं अन्य कार्मिकों को उत्कृष्टता हेतु प्रेरित करना है।
महानिदेशक ने अपने संबोधन में कहा कि एसएसबी के खिलाड़ी अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्टता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने न केवल पदक अर्जित किए हैं, बल्कि बल की प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ किया है। उन्होंने भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए भी खिलाड़ियों को प्रेरित किया।
