नयी दिल्ली 20 फरवरी (वार्ता) भारत ने दोहराया है कि रूस से तेल खरीदने के मामले में उसकी पहले से घोषित स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है लेकिन वेनेजुएला से तेल खरीदने पर वह “वाणिज्यिक रूप से व्यवहार्य” के विकल्प पर विचार करेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शु्क्रवार को यहां साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में रूस और वेनेजुएला से तेल की खरीद से संबंधित सवालों के जवाब में कहा कि हमने रूस और वेनेजुएला से तेल खरीदने को लेकर अपनी स्थिति पहले ही स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि जहां तक वेनेजुएला का सवाल है अगर यह वाणिज्यिक रूप से व्यवहार्य है तो हम वेनेजुएला से तेल खरीदने का विकल्प तलाश सकते हैं।
भारत की ऊर्जा नीति की प्राथमिकता में कहा गया है कि ऊर्जा की पर्याप्त उपलब्धता, उचित मूल्य और आपूर्ति की विश्वसनीयता, और राष्ट्रीय हित तेल खरीद निर्णयों को मार्गदर्शित करते हैं। भारत का उद्देश्य एकमात्र स्रोत पर निर्भर न रहना तथा आवश्यकता अनुसार आपूर्ति स्रोतों का विविधीकरण करना है।
विदेश मंत्रालय का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका के राजदूत सर्गियो गोर ने कहा है कि भारत ने रूस से तेल खरीद में विविधीकरण किया है और वेनेजुएला से तेल आपूर्ति पर बातचीत जारी है।
