शिवपुरी: शिवपुरी में कुएं से मां और उसके दो बच्चों के शव मिले हैं। मामला बैराड़ थाना इलाके के जोराई गांव में आज गुरुवार सुबह का है। मृतकों की पहचान पिंकी बघेल, बेटी रुचिका और बेटे आनंद के रूप में हुई है। महिला का पति रामनिवास बघेल गांव से बाहर गया था। गुरुवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर कुएं पर पड़ी तो तीनों शव पानी में तैरते दिखे। तुरंत बैराड़ पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाकर शिवपुरी जिला अस्पताल भिजवाया।पति रामनिवास ने बताया कि वह अपने साले और साढ़ू के साथ गोवर्धन की परिक्रमा करने उत्तर प्रदेश के मथुरा गया था। बुधवार रात को लौटने के बाद साले के घर ही रुक गया था। सुबह जब यह सूचना मिली तो तुरंत गांव पहुंचा। उसने कहा- पत्नी पिंकी का न तो घर में, न बाहर किसी से कोई विवाद था। समझ नहीं आ रहा कि यह कैसे और क्यों हुआ?बैराड़ थाना प्रभारी रविशंकर कौशल ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है। आत्महत्या, हादसा या हत्या, तीनों पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस परिजन के बयानों के साथ-साथ मोबाइल कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।
