सीहोर। गेहूं खरीदी में धांधली और मनमानी करने वाले बिचौलियों और वेयरहाउस संचालकों पर प्रशासन का हंटर चल गया है. कलेक्टर बालागुरू के. ने भादाकुई स्थित ओम साईं वेयरहाउस के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपनाते हुए उसे आगामी एक रबी वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट करने का फरमान जारी कर दिया है. इस संबंध में वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के प्रबंध संचालक को पत्र लिख दिया है.
उपार्जन केंद्र पर गेहूं खरीदी के दौरान भारी अनियमितता पाई गई. जिन किसानों की स्लॉट बुकिंग आने वाले दिनों की थी, उनका गेहूं नियमों को ताक पर रखकर पहले ही वेयरहाउस में डंप कर लिया गया. इस लापरवाही और धांधली पर प्रशासन ने गोदाम संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया, तो उनकी तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला.
संचालक के इसी अडिय़ल रवैये के बाद यह कड़ा एक्शन लिया गया है. गेहूं उपार्जन कार्य में किसी भी तरह की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी. नियमों के खिलाफ जाकर बैक-डेट या एडवांस में काम करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. ओम साईं वेयरहाउस को अगले रबी सीजन में खरीदी कार्य से पूरी तरह अलग रखा जाएगा. कलेक्टर बालागुरू के. के इस कड़े रुख से जिले के अन्य उपार्जन केंद्रों और वेयरहाउस संचालकों में हड़कंप मच गया है.
