
नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 7 लोक कल्याण मार्ग पर कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के मेडलिस्ट खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लगातार तीसरी बार गोल्ड जीतने वाली वेटलिफ्टर मीराबाई चानू के जज्बे की जमकर तारीफ की।
ग्लासगो में गोल्ड जीतने के बाद पोडियम पर भावुक हुईं मीराबाई से पीएम मोदी ने उनके आंसुओं का कारण पूछा। पीएम ने कहा, “इतने आंसू टपक रहे थे कि मुझे लगता है हर आंसू की बूंद से गोल्ड मेडल टपक रहा हो।”
*’4 साल में बहुत संघर्ष किया’*
मीराबाई ने जवाब में कहा कि वह उस दिन बहुत खुश और भावुक थीं। उन्होंने कहा, “मैं इसलिए रोई क्योंकि पेरिस ओलंपिक में मेरा मेडल सिर्फ एक किलो से रह गया था। एक खिलाड़ी के तौर पर इन चार सालों में मैंने बहुत चीजें झेलीं। हर समय इंजरी थी और परिवार में भी समस्याएं थीं। जब मैं पोडियम पर खड़ी थी और नेशनल एंथम बजा, तो खुद को रोक नहीं सकी। देश का झंडा ऊपर देखकर अपने आप आंसू निकल आते हैं।”
*लगातार तीसरा गोल्ड, भारत को 39 मेडल*
मीराबाई चानू ने 48 किलोग्राम वर्ग में कुल 190 किलो वजन उठाकर गोल्ड जीता। वह लगातार तीसरे कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतने वाली दुनिया की पहली वेटलिफ्टर बन गई हैं।
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। भारत ने 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज समेत कुल 39 मेडल जीते।
खिलाड़ियों से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने वीडियो साझा कर कहा, “जो खेलेगा, वो खिलेगा। ऑलवेज चियर फॉर भारत।”
