जबलपुर : संस्कारधानी में आज आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। सावन के दूसरे सोमवार पर आयोजित प्रसिद्ध संस्कार कांवड़ यात्रा में अद्भुत उत्साह देखा जा रहा है। कुछ ही देर पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इस भव्य यात्रा का हिस्सा बने, जिससे भक्तों का उत्साह दोगुना हो गया है।
सुबह 6 बजे तड़के से ही हजारों कांवड़ियों ने कतारबद्ध होकर कदम बढ़ाए। कांवड़िए कंधों पर पवित्र कांवड़ और हाथों में मां नर्मदा का जल लिए लगातार आगे बढ़ रहे हैं। पूरा शहर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज रहा है।
सुबह 10:55 बजे: सीएम डॉ. मोहन यादव का विमान भोपाल से सीधे जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर लैंड हुआ।
डुमना एयरपोर्ट से सीधे मुख्यमंत्री का काफिला रांझी क्षेत्र के लिए रवाना हुआ। सीएम ठीक समय पर रांझी के मेमोरी तिराहा पहुंचे और सीधे कांवड़ यात्रा में शामिल हो गए
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कावड़ियों पर फूल भी बरसाए।
मुख्यमंत्री के दौरे और हजारों की भीड़ को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है।
यात्रा मार्ग पर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों द्वारा कांवड़ियों पर लगातार फूलों की बारिश की जा रही है। कांवड़ यात्रा अपने तय मार्ग से होते हुए निरंतर आगे बढ़ रही है। भक्तों में भारी उत्साह है और पूरी संस्कारधानी इस समय पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आ रही है।
संस्कार कांवड़ यात्रा में मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने यात्रा में शामिल हुए।
