सतना:रविवार की सुबह नदी में नहाने के लिए उतरा बालक पानी की तेज धार में बह गया था. जिसकी तलाश कर रही एसडीआरएएफ की टीम ने सोमवार को नदी में बहे बालक के शव को बरामद कर लिया.जिले के कोटर थाना क्षेत्र अंतर्गत डगडिहा निवासी 12 वर्षीय बालक राजेंद्र उर्फ प्रिंस सिंह पिता सुरेंद्र अपने दो मित्रों के साथ रविवार की सुबह लगभग 9 बजे निकट स्थित सेमरावल नदी में नहाने के लिए गया था.
नहाने के दौरान अचानक तेज धरर में फंस कर प्रिंस बहने लगा और देखते ही देखते पानी में समा गया. घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची एसडीआरएएफ की टीम ने रविवार की दोपहर से ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए बालक की तलाश शुरु कर दी. लेकिन शाम होने तक जब बालक नहीं मिला तो अंधेरा होने पर रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया.
वहीं सोमवार की सुबह एसडीआरएएफ की टीम ने एक बार फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरु किया. जिसके चलते कुछ देर बाद ही बालक का शव बरामद कर लिया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं पिछले 24 घंटे से बालक की राह तक रहे परिजनोंंं ने जब शव देखा तो फूट फूट कर रोने लगे. घटना के चलते पूरे गांव में मातम पसर गया.
