
भोपाल। बीएचईएल भोपाल में आयोजित एक सादे कार्यक्रम में मानव संसाधन विभाग की ई-पत्रिका ‘आभास’ के पांचवें अंक का विमोचन किया गया। इसका विमोचन महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ठाकुर उमानाथ सिंह द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में सिंह ने कहा कि मानव संसाधन विभाग अपनी टीम के सामूहिक एवं समर्पित प्रयासों से राजभाषा के प्रचार-प्रसार में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने जोर दिया कि विभाग को अन्य विभागों के लिए प्रेरणा स्रोत के रूप में कार्य करते हुए राजभाषा नीति, नियमों और प्रावधानों का पूर्ण पालन करना चाहिए तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं विभागीय हिंदी समिति की अध्यक्ष सुरेखा बंछोर, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) प्रज्झल आदक, समिति की सचिव स्मृति शर्मा और प्रबंधक (राजभाषा) पूनम साहू सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान विभाग में राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन को और मजबूत करने पर चर्चा की गई। विभागीय कार्ययोजनाओं, बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा कर आगामी हिंदी गतिविधियों के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।
