सीधी:नगर पालिका परिषद सीधी में उपाध्यक्ष कक्ष को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। सोमवार को उच्च न्यायालय जबलपुर में हुई सुनवाई के दौरान शासकीय अधिवक्ता ने न्यायाधीश को जानकारी दी कि उपाध्यक्ष दान बहादुर सिंह चौहान को कक्ष क्रमांक 16 एलाट कर दिया गया है। वहीं, उपाध्यक्ष की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता श्री दीक्षित ने इस पर आपत्ति जताते हुए कक्ष क्रमांक 26 या 02 आवंटित करने की मांग रखी।
गौरतलब है कि पहले उपाध्यक्ष की अनुपस्थिति में उनके कक्ष का ताला तोड़कर दूसरे पक्ष द्वारा कब्जा जमाने की घटना ने नगर पालिका की राजनीति में हलचल मचा दी थी। इस विवाद ने लंबे समय से राजनीतिक सरगर्मियां तेज कर रखी हैं।
आज की सुनवाई में न्यायाधीश ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों को अगली पेशी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होने का निर्देश दिया है। 17 सितम्बर को होने वाली अगली सुनवाई में दोनों पक्षों के बयान अहम रहेंगे। कानूनी और राजनीतिक हलकों में अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या अदालत उपाध्यक्ष की मांग मानते हुए नया कक्ष एलाट करेगी या पहले से आवंटित कक्ष क्रमांक 16 पर ही फैसला कायम रहेगा।
