इटारसी। एलकेजी कॉलोनी फेस-2, सेक्टर-9 में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक घर के सामने लगभग 4 फीट लंबा अत्यधिक विषैला कोबरा सांप दिखाई दिया। घबराए स्थानीय निवासी आयुष पाउरकर ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वनपरिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देश पर सर्पमित्र अभिजीत यादव को मौके पर भेजा गया।
सर्पमित्र यादव ने घर के बाहर बने इलेक्ट्रिक चेंबर में छिपे सांप की पहचान इंडियन ब्लैक कोबरा प्रजाति के रूप में की, जो अत्यंत विषैला और न्यूरोटॉक्सिक जहर से युक्त होता है। उन्होंने पूरी सावधानी बरतते हुए सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़कर रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू के बाद कोबरा को वन क्षेत्र में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से कॉलोनी वासियों ने राहत की सांस ली और वन विभाग के तत्पर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
