
गाले,भारत के स्पिन बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले ने कप्तान शुभमन गिल की फिटनेस पर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ वार्म-अप मैच के शुरुआती दो दिन गिल का न खेलना सिर्फ एहतियात था। गिल अब पूरी तरह फिट हैं और 15 अगस्त से गाले में शुरू हो रहे पहले टेस्ट के लिए तैयार हैं।
गुरुवार को प्रैक्टिस के दौरान दाएं हाथ की अनामिका उंगली में चोट लगने के कारण गिल वार्म-अप मैच के पहले दो दिन नहीं खेले थे। वह दूसरी पारी में ओपनिंग के लिए उतरे और 44 रन की पारी खेली।
*’एहतियात के तौर पर नहीं खिलाया’*
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बहुतुले ने कहा, “यह सिर्फ एहतियातन था। वह बिल्कुल ठीक हैं। मैनेजमेंट ने तय किया कि पहले दिन उन्हें न खिलाया जाए। दूसरी पारी में जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की, वह शानदार थी। वह टेस्ट मैच के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
*सीरीज के लिए खास तैयारी*
बहुतुले ने कहा कि गिल विरोधी टीम के बॉलिंग अटैक के हिसाब से बारीकी से तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा, “शुभमन अपनी तैयारी को बहुत गंभीरता से लेते हैं। वह समझते हैं कि श्रीलंकाई टीम के लिए क्या बॉलिंग अटैक सफल रहा है और उसी हिसाब से काम करते हैं। नेट बॉलर्स से उन्होंने अच्छी प्रैक्टिस की।”
*निचले क्रम की बल्लेबाजी पर जोर*
बॉलिंग कोच ने बताया कि तेज गेंदबाजों की बल्लेबाजी भी टीम की योजना का हिस्सा है। उन्होंने कहा, “गुरनूर बरार और मोहम्मद सिराज ने अच्छी बल्लेबाजी की। निचले क्रम का योगदान टेस्ट में बहुत अहम होता है। हम नेट्स में उन्हें ज्यादा बल्लेबाजी के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।”
*पडिक्कल ने जड़ा शतक*
इस बीच बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने पहली पारी में नाबाद 142 रन बनाकर प्लेइंग इलेवन में जगह का दावा मजबूत किया है। साई सुदर्शन दाहिने पैर के अंगूठे में स्ट्रेस रिएक्शन के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं।
