चीन में ‘डॉल्फिन’ तूफान का कहर

बीजिंग, चीन के पूर्वी हिस्सों में शक्तिशाली तूफान ‘डॉल्फिन’ ने तबाही मचा दी है। भारी बारिश और बाढ़ के खतरे के चलते रविवार शाम तक 10 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। चीनी मौसम विभाग ने ब्लू टाइफून वॉर्निंग जारी की है।

 

नेशनल मौसम विज्ञान सेंटर के मुताबिक तूफान झेजियांग प्रांत के तट से टकराने के बाद अंदर की ओर बढ़ रहा है। झेजियांग, जियांग्सू, हेनान और हेबेई में बुधवार तक लगातार भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अनुमान है।

 

*झेजियांग और शंघाई सबसे ज्यादा प्रभावित*

तूफान का सबसे ज्यादा असर झेजियांग के तटीय शहर वेंझोउ पर पड़ा। यहां 9 लाख से ज्यादा लोगों को घर छोड़ना पड़ा। उनके लिए 1500 से ज्यादा आपातकालीन शेल्टर सेंटर खोले गए हैं। पड़ोसी फुजियान में करीब 98,900 लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा गया।

 

चीन का सबसे बड़ा शहर शंघाई भी चपेट में है। रविवार शाम तक संवेदनशील इलाकों से 2,15,600 लोगों को हटाया गया। शंघाई में 24 घंटे में 150 साल की सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में 200 से 400 मिमी तक बारिश का अनुमान जताया है।

 

*उड़ानें रद्द, बाढ़-भूस्खलन का खतरा*

तूफान के कारण शंघाई के दोनों हवाई अड्डों से 1300 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। सोमवार तड़के ‘डॉल्फिन’ कमजोर होकर उष्णकटिबंधीय तूफान में बदल गया, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है।

 

अधिकारियों ने शानदोंग, हेनान, हुबेई, अनहुई, जिआंगसू, झेजियांग और शंघाई में बुधवार तक बाढ़ और भूस्खलन का अलर्ट जारी किया है। लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की गई है।

 

चीन पहुंचने से पहले यह तूफान जापान के दक्षिणी ओकिनावा से गुजरा था, जहां 6 लोग घायल हुए और 50 हजार से ज्यादा इमारतों की बिजली गुल हो गई थी।

Next Post

अलवर में आजादी पर्व को लेकर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई

Mon Aug 10 , 2026
अलवर, 10 अगस्त (वार्ता) राजस्थान में देशभक्ति के रंग में रंगे अलवर में सोमवार सुबह आजादी के पर्व को लेकर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा ने किया। सुबह करीब नौ बजे शहीद स्मारक […]

You May Like