अलवर में आजादी पर्व को लेकर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई

अलवर, 10 अगस्त (वार्ता) राजस्थान में देशभक्ति के रंग में रंगे अलवर में सोमवार सुबह आजादी के पर्व को लेकर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा ने किया। सुबह करीब नौ बजे शहीद स्मारक से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, विद्यार्थी, प्रबुद्ध नागरिक और शहरवासी यात्रा में शामिल हुए। पूरे रास्ते भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा। यात्रा में बच्चों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

नन्हे हाथों में लहराता तिरंगा और चेहरे पर देशभक्ति का जोश आकर्षण का केंद्र रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने तिरंगा लेकर देश के प्रति अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त किया। तिरंगा यात्रा शहीद स्मारक से शुरू होकर मन्नी का बड़, चर्च रोड होते हुए होप सर्कस पहुंची। यात्रा के दौरान मार्ग में लोगों ने तिरंगे का सम्मान करते हुए देशभक्ति का संदेश दिया। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में यात्रा व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ी।
यात्रा शुरू होने से पहले श्री शर्मा ने शहीद स्मारक पर देश के क्रांतिकारियों और वीर शहीद सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित करके नमन किया।

उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को याद करते हुए कहा कि आजादी हमें आसानी से नहीं मिली, बल्कि इसके लिए असंख्य क्रांतिकारियों और वीर सैनिकों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि भारत माता गुलामी की जंजीरों में जकड़ी हुई थी। देश को आजाद कराने के लिए क्रांतिकारियों और वीर सैनिकों ने लंबे संघर्ष किए और अपने प्राणों की आहुति दी। उनकी शहादत और संघर्ष के परिणामस्वरूप 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ। श्री शर्मा ने प्रदेशवासियों और अलवरवासियों से आग्रह किया कि 15 अगस्त को हर घर पर तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक परिवार को अपने घर पर राष्ट्रध्वज लगाकर आजादी के इस महापर्व में भागीदारी निभानी चाहिए।

.....

Next Post

विपक्षी दलों ने किया संसद भवन परिसर में प्रदर्शन

Mon Aug 10 , 2026
नयी दिल्ली, 10 अगस्त (वार्ता) छात्रों के साथ पुलिस कार्रवाई तथा चढ़ावा चोरी सहित कई मुद्दों पर विपक्षी दलों के सांसदों ने सोमवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए। विपक्षी सांसदों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विरोध जताया। तख्तियों पर गृहमंत्री अमित शाह […]

You May Like