इंदौर:शहर में यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के अंतर्गत इंदौर-डॉ. अम्बेडकर नगर रेलखंड पर स्थित समपार संख्या 253 (लेवल क्रॉसिंग) पर रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण के लिए भूमि पूजन संपन्न हुआ.इस महत्वपूर्ण परियोजना के भूमि पूजन कार्यक्रम में इंदौर के सांसद शंकर लालवानी महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक मालिनी गौड़ की उपस्थिति रह.। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे और परियोजना को लेकर उत्साह नजर आया.
प्रस्तावित रेलवे ओवर ब्रिज दो-लेन का होगा, जिसकी कुल लंबाई लगभग 740 मीटर और चौड़ाई करीब 10.50 मीटर निर्धारित की गई है. इस परियोजना पर लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत आएगी. लोकमान्य नगर और राजेंद्र नगर स्टेशन के बीच स्थित इस रेलवे फाटक पर अक्सर लंबा जाम लगता है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी होती है. ब्रिज के निर्माण के बाद न केवल जाम की समस्या से राहत मिलेगी, बल्कि सड़क और रेल यातायात दोनों की सुरक्षा और सुगमता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा.
स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत
इस पुल के बनने से रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को समय की बचत होगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बन सकेगी. खासकर ऑफिस जाने वाले, छात्र और व्यापारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.
तेजी से काम पूरा करने की तैयारी
पश्चिम रेलवे के निर्माण विभाग द्वारा इस परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. अधिकारियों का कहना है कि कार्य को प्राथमिकता के साथ जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा
