इंदौर:नगर निगम कल सालाना बजट पेश करेगा. इस साल लगभग 8400 करोड़ रुपए का अनुमानित बजट नगर निगम परिषद द्वारा पारित करने की तैयारी है. पिछले साल नगर निगम ने 62 करोड़ रुपए घाटे का बजट पेश किया था.नगर नगर महापौर पुष्यमित्र भार्गव कल अपना चौथा बजट परिषद के बैठक में पेश करेंगे. बताया जा रहा है कि इस साल नगर निगम ने 8400 करोड़ रुपए का अनुमानित बजट बनाया है. इसमें स्वच्छता, सड़क निर्माण, मास्टर प्लान सड़कों के अधूरे निर्माण, लेफ्ट टर्न, डिजिटल पता विस्तार, बीआरटीएस सड़क डिवाइडर, यातायात व्यवस्था, पुल पुलियाओं का निर्माण जैसे प्रमुख कार्यों के लिए राशि आवंटित की जाएगी.
ध्यान रहे कि नगर निगम ने पिछले साल 8174 करोड़ रुपए आय और 8236 करोड़ रुपए व्यय के आंकड़े बजट पेश किया था, जिसमें पिछले साल के घाटे को कम करते हुए 62 करोड़ रुपए का घाटा दर्शाया था. अब यह अलग बात है कि शहर में यातायात सुधार के लिए प्रमुख 28 स्थानों का लेफ्ट टर्न चौड़ीकरण में अभी तक 5 स्थानों पर लेफ्ट टर्न चौड़े नहीं हुए हैं. अमृत योजना 2.0 में नर्मदा चौथे चरण का भूमिपूजन हुआ है, जो 2500 करोड़ के योजना है ऑफ 1397 करोड़ केडी काम शुरू किए जा चुके हैं. बीजलपुर में सैंपवैल निर्माण कार्य अभी चल रहा है, जो मई तक पूरा होने का दावा किया जा रहा है. इसी तरह शहर में गंदे पानी की समस्या से निजात नहीं मिली है. उल्टा भागीरथपुरा में 38 लोगों की जान चली गई. इसका नतीजा यह आया है कि इस साल लोगों ने कई प्रलोभन और टैक्स में छूट देने के बाद भी जलकर जमा नहीं किया है.
शहर में पिछले साल 1 हजार करोड़ राजस्व कलेक्शन करने का दावा किया गया था, लेकिन असल में नगर निगम को 932 करोड़ राजस्व मिला था. हां इस साल 31 मार्च तक ज़रूर 1047 करोड़ का राजस्व निगम को मिल गया है. शहर में मास्टर प्लान की 23 सड़कों को 498 करोड़ (पहले 423 करोड़ रुपए तय) केंद्र सरकार के सड़क निधि से बनाने का दावा किया था, जिसमें से 10 सड़कों का काम शुरू हुआ, जो 123 करोड़ रुपए की लागत से बनना है. उक्त 10 सड़कों से आज भी अतिक्रमण और बाधक हटाने काम शुरू नहीं किया और सड़कें अधूरी ही है. उपरोक्त कामों को गति देना महापौर के सामने चुनौती होगी, क्योंकि उनका कार्यकाल सिर्फ सवा साल बचा है. इस दौरान चंदन नगर, नगीन नगर सड़क कार्य पूरा होने की उम्मीद की जा सकती है, जो महापौर की अमर उपलब्धि होगी.
डिजिटल पताः 25,000 घरों पर डिजिटल नंबर प्लेट लगी
शहर में महापौर ने डिजिटल क्रांति के तहत नगर निगम पायलट प्रॉजेक्ट में अब तक 5 वार्डो में लगभग 25,000 घरों पर डिजिटल पते लगाने का कार्य हो चुका हैं और कुछ और वार्डों में डिजिटल पता लगाने का कार्य चल रहा है. उक्त कार्य से नागरिक सुविधाएं बेहतर होने का रास्ता बना है ऑफ इससे प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी.
जलः नर्मदा का चौथा चरण का भूमिपूजन
शहर में 2047 तक पानी की व्यवस्था को लेकर नर्मदा चौथे चरण का काम शुरू हो गया है. उक्त योजना की अनुमानित लागत लगभग 2500 करोड़ है. इस योजना के तहत शहर को प्रतिदिन करीब 400 एमएलडी अतिरिक्त पानी मिलने का लक्ष्य तय किया गया है. खासतौर पर शहर के नए विकसित क्षेत्रों और ऊंचाई वाले इलाकों में पानी की समस्या काफी हद तक दूर होने की संभावना है.
फ्लाई ओवर ब्रिजः आईडीए बनाएगा चंदन नगर-धार रोड ब्रिज
शहर के चंदन नगर-धार रोड क्षेत्र में नया ब्रिज बनाया जाएगा. करीब 70 करोड़ की लागत से बनने वाला यह ब्रिज शहर के व्यस्त मार्गों पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करेगा.
इंदौर जू में आया जिराफ
शहर में स्थित प्राणी संग्रहालय में अब एक नया मेहमान आया है जिराफ. लंबे समय बाद जिराफ के आगमन से जू में आने वाले पर्यटकों और बच्चों में उत्साह है. जिराफ को दूसरे शहर के जू से एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत लाया गया है.
स्वामी विवेकानंद प्रतिमा
इंदौर में स्वामी विवेकानंद जी की विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा होगी स्थापित. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा कार्य का भूमिपूजन किया जा चुका है और कार्य प्रगति पर है प्रतिमा का 12 जनवरी 2027 को अनावरण प्रस्तावित है.
अन्नपूर्णा से रिंग रोड को जोड़ने वाली सड़क निर्माण अंतिम चरण में
महापौर पुष्यमित्र भार्गव के ड्रीम प्रोजेक्ट अन्नपूर्णा रोड से झुग्गी बस्ती हटाकर रिंग रोड को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है. उक्त सड़क 16 करोड़ के लागत से बनाई जा रही है. सड़क का लोकार्पण भी जून में प्रस्तावित है
