जबलपुर: गोहलपुर थाने के सामने एक पीडि़ता जब अपने पति की धमकियों से डरकर न्याय की गुहार लगाने थाने जा रही थी, तभी थाने के बिल्कुल पास सडक़ पर उसे घेरकर बेरहमी से पीटा गया। पति की महिला मित्र और उसके बेटों ने सरेआम महिला के बाल पकडक़र उसे जमीन पर पटका और उसके कपड़े तक फाड़ दिए। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार समता कॉलोनी निवासी श्रीमती कंचन तलरेजा की शादी वर्ष 2000 में संजय तलरेजा के साथ हुई थी।
पिछले कुछ समय से उनका वैवाहिक जीवन तनावपूर्ण चल रहा है। पीडि़ता का आरोप है कि उनके पति संजय तलरेजा, अपर्णा ठाकुर नामक महिला के साथ रहते हैं और उन्होंने न्यायालय में तलाक का केस भी लगा रखा है। विवाद का मुख्य कारण कृषि उपज मंडी स्थित दो दुकानें हैं, जिस पर पति ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। सुबह पति ने पीडि़ता को फोन पर दुकान आने को कहा, मना करने पर घर में घुसकर मारने की धमकी दी।
डरी-सहमी पीडि़ता जब इसकी शिकायत करने गोहलपुर थाने की ओर बढ़ रही थी, तभी रास्ते में अपर्णा ठाकुर, सिद्धार्थ ठाकुर और समर्थ्य ठाकुर ने उन्हें रोक लिया। पीडि़ता के अनुसार, अपर्णा ने उनके बाल पकडक़र उन्हें जमीन पर गिरा दिया और तीनों आरोपियों ने मिलकर मारपीट कर दी। इस दौरान पीडि़ता के कपड़े फट गए और चोटें आ गई,मौके पर मौजूद राहगीरों ने जब शोर सुना और भीड़ जुटने लगी, तब जाकर आरोपियों ने पीडि़ता को छोड़ा। जाते-जाते आरोपियों ने पीडि़ता को सरेराह धमकी दी कि आज तो तुम बच गई हो, दोबारा विवाद किया तो जान से मार देंगे। पीडि़ता लहूलुहान हालत में थाने पहुंची और आपबीती सुनाई। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है ।
