मुंबई, 16 अप्रैल (वार्ता) आमिर खान प्रोडक्शंस की आने वाली फिल्म ‘एक दिन’, का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म ‘एक दिन’ में साई पल्लवी और जुनैद खान लीड रोल में हैं। ‘एक दिन’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इस फिल्म में जुनैद खान ने एक शर्मीले और थोड़े अलग लड़के का किरदार निभाया है, जिसे साई पल्लवी से प्यार हो जाता है, जो एक खुशमिजाज और जिंदादिल लड़की है। वैसे तो वे दोनों एक ही ऑफिस में काम करते हैं, लेकिन जुनैद उससे बात करने की हिम्मत नहीं जुटा पाते। हालांकि, कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब जापान में साई का एक्सीडेंट हो जाता है और वह ‘ट्रांजिएंट ग्लोबल एमनेशिया’ की शिकार हो जाती है, जिसमें उसे सिर्फ जुनैद याद रहता है, जिसने उसकी जान बचाई थी। जहाँ यह मोड़ पूरी कहानी का रुख बदल देता है, वहीं यह देखना वाकई रोमांचक होगा कि यह प्रेम कहानी कैसे आगे बढ़ती है और क्या मोड़ लेती है।
‘एक दिन’ के जरिए आमिर खान और फिल्म मेकर मंसूर खान एक लंबे अरसे के बाद फिर साथ आए हैं।साथ मिलकर उन्होंने दर्शकों को ‘कयामत से कयामत तक’, ‘जो जीता वही सिकंदर’, ‘अकेले हम अकेले तुम’ और ‘जाने तू… या जाने ना’ जैसी यादगार फिल्में दी हैं। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी फिल्म ‘एक दिन’ का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है और इसे आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म एक मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।

