
सारनी। सुरक्षा का संकल्प,वेकोलि पाथाखेड़ा की खदानों में ‘विश्व कार्यस्थल सुरक्षा एवं स्वास्थ्य दिवस-2026’ पर जागरूकता का सशक्त संदेश दिया। वेस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड पाथाखेड़ा क्षेत्र की खदानों में ‘विश्व कार्यस्थल सुरक्षा एवं स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सुरक्षा, स्वास्थ्य और जागरूकता का प्रेरक वातावरण देखने को मिला। क्षेत्रीय महाप्रबंधक संजय एम. मिश्रा के मार्गदर्शन में 28 अप्रैल को तवा, तवा-2 एवं छतरपुर-1 खदानों में विधिवत् सुरक्षा ध्वज फहराकर कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष द्वारा जारी संदेश का वाचन किया गया, जिसमें कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं खनिकों ने सामूहिक रूप से सुरक्षा शपथ लेकर सुरक्षित कार्य वातावरण बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित स्लोगन प्रतियोगिता एवं प्रश्नमंच प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता को और सशक्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
उल्लेखनीय है कि हर वर्ष 28 अप्रैल को विश्व कार्यस्थल सुरक्षा एवं स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2003 में अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन द्वारा की गई थी। इसका उद्देश्य कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं और व्यावसायिक बीमारियों की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना और एक मजबूत सुरक्षा संस्कृति का निर्माण करना है।
वेकोलि पाथाखेड़ा क्षेत्र में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल औपचारिकता तक सीमित रहा, बल्कि खदानों में कार्यरत श्रमिकों के जीवन और स्वास्थ्य की सुरक्षा के प्रति वास्तविक संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण भी बना।
