
छिंदवाड़ा। राष्ट्रीय पर्व 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज दिनांक 26 जनवरी 2026 को पुलिस परेड ग्राउंड, पुलिस लाइन परिसर छिंदवाड़ा में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का भव्य, अनुशासित एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में प्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि राकेश सिंह द्वारा सांसद मान. विवेक बंटी साहू ,जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण एवं पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी गई तथा भव्य परेड की सलामी ग्रहण की गई। तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया गया। इसके उपरांत नियमानुसार हर्ष फायरिंग संपन्न कराई गई। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि महोदय द्वारा भारतीय तिरंगे के रंगों से सुसज्जित गुब्बारों को संदेश के साथ आकाश में छोड़ा गया, जो उपस्थित जनसमूह के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसके पश्चात विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिनके माध्यम से शासन की जन – कल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक जागरूकता एवं सकारात्मक संदेशों का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में स्कूलो के सांस्कृतिक एवं विभिन्न अनुशासित रोमांचक प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, गणतंत्र दिवस परेड में सम्मिलित पुलिस बैंड प्लाटून का सुमधुर एवं अनुशासित प्रदर्शन समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों पर परेड मार्च अत्यंत प्रभावशाली रूप से संपन्न हुआ। इसके उपरांत विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के छात्र-छात्राओं द्वारा वाद्य यंत्र, संगीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति की भावनाओं से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित नागरिकों ने खूब सराहा।
