इंदौर: लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया. शहर में बसे बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के परिवारों में सुबह से ही छठ की धार्मिक परंपराओं और अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया. व्रतियों ने घरों की साफ-सफाई और पवित्र स्नान के बाद पारंपरिक तरीके से लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल का सात्विक भोजन तैयार किया. भगवान सूर्य को भोग अर्पित करने के बाद व्रतियों ने स्वयं प्रसाद ग्रहण कर चार दिवसीय व्रत-साधना का संकल्प लिया.
ड्रीम सिटी निवासी छठ व्रती सुषमा झा ने बताया कि नहाय-खाय के दिन घर और रसोई की विशेष साफ-सफाई की जाती है. स्नान के बाद नए मिट्टी के चूल्हे अथवा स्वच्छ चूल्हे पर लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल बनाया जाता है. इस दिन भोजन पूरी तरह सात्विक रखा जाता है और इसकी शुद्धता का विशेष ध्यान दिया जाता है. स्कीम नंबर 78 निवासी मंजू सिंह ने बताया कि नहाय-खाय में लौकी की सब्जी बनाने की परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है. इसे सात्विक और सुपाच्य माना जाता है. मान्यता है कि यह व्रत के आगामी कठिन दिनों के लिए शरीर को ऊर्जा प्रदान करती है.
शाम को ग्रहण करेंगे प्रसाद
छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार, 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा. इस दिन व्रती सुबह से पूरे दिन उपवास रखेंगे और सूर्यास्त के बाद स्नान कर भगवान सूर्य तथा छठी मैया की पूजा-अर्चना करेंगे. खरना का विशेष प्रसाद गन्ने के रस अथवा दूध में तैयार की गई चावल की खीर, चावल का पिठ्ठा और घी लगी रोटी होती है. कुछ परिवारों में गुड़ से बनी खीर भी तैयार की जाती है. पूजा के बाद व्रती पहले प्रसाद ग्रहण करेंगे और फिर परिवार के सदस्यों तथा अन्य लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया जाएगा. खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा, जिसमें वे अन्न और जल दोनों का त्याग करते हैं.
कल अस्ताचलगामी और सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य
15 नवंबर को छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती विभिन्न जलाशयों और छठ घाटों पर पहुंचकर कमर तक पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे. इस दौरान बांस के सूप में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री सजाकर सूर्यदेव को अर्पित की जाएगी. शाम को घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भक्ति संगीत से वातावरण भक्तिमय रहेगा। इसके अगले दिन सोमवार, 16 नवंबर को तड़के व्रती पुनः घाटों पर पहुंचेंगे और उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देंगे. उषा अर्घ्य के बाद व्रती पारण कर 36 घंटे के निर्जला उपवास का समापन करेंगे. इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न होगा.
