लंदन, 12 जुलाई (वार्ता) यास्तिका भाटिया (113), स्मृति मंधाना (70) और ऋचा घोष (नाबाद 50) की शानदार पारियों के बाद भारतीय महिला टीम ने एकमात्र टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार को अपनी दूसरी पारी सात विकेट पर 341 रन के स्कोर बनाने के बाद पारी घोषित कर दी। भारत को पहली पारी के आधार पर 115 रनों की बढ़त मिली थी और अब इंग्लैंड को जीत के लिए 457 रनों का लक्ष्य मिला।
भारत ने कल के एक विकेट पर 154 रन से आगे खेलना शुरु किया। आज सुबह के सत्र में दूसरा विकेट स्मृति मंधाना (70) के रूप में गिरा। वह अपने कल के स्कोर में मात्र एक रन जोड़ पाई। जेमिमाह रॉड्रिग्स (तीन), कप्तान हरमनप्रीत कौर (16), दीप्ति शर्मा (10) रन और स्नेह राणा (एक) जल्दी ही आउट हो गई। इस दौरान यास्तिका भाटिया एक छोर थामे रन बनाती रही और उन्होंने अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 158 गेंदों में 14 चौके लगाते हुए 113 रनों की पारी खेली। 88वें ओवर की तीसरी गेंद पर ऋचा घोष का अर्धशतक बनने के बाद भारतीय महिला टीम ने सात विकेट पर 341 रन के स्कोर पर अपनी पारी घोषित कर दी। ऋचा घोष ने तेजी के साथ रन बटोरते हुए (नाबाद 50) रनों की पारी खेली और सायली सातघरे (18) रन बनाकर नाबाद रही।
इंग्लैंड की महिला टीम के लिए सोफ़ी एकल्सटन ने पांच और लॉरेन बेल ने दो विकेट लिये।
