इंदौर:ट्रैफिक पुलिस अब नो पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनों को केवल क्रेन से नहीं उठाएगी, बल्कि मौके पर ही व्हील लॉक भी लगाएगी. इसके लिए विभाग ने 400 नए टू-व्हीलर व्हील लॉक खरीदे हैं. कार्रवाई अब और तेज और पेनल्टी और सख्त होने वाली है.पुलिस उपायुक्त जोन-4 आनंद कलादगी ने बताया कि शहर में लगातार बढ़ती गलत पार्किंग और यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने अब दोपहिया वाहनों पर भी लॉकिंग सिस्टम लागू कर दिया है.
400 दोपहिया लॉक और 200 चारपहिया लॉक खरीदे हैं. ये लॉक शहर में घूमने वाली क्रेनों के पास रहेंगे ताकि मौके पर ही वाहन लॉक कर जुर्माना वसूला जा सके. बजट मिलने के बाद ट्रैफिक विभाग ने इस बार सिर्फ व्हील लॉक ही नहीं, बल्कि 100 पीओएस मशीनें, 50 ब्रीथ एनालाइजर मशीनें और 40 बॉडी वॉर्न कैमरे भी खरीदे हैं. पलासिया में हुए लॉन्चिंग कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर संदीप कुमार सिंह ने इनका लोकार्पण किया.
पुलिस उपायुक्त का कहना है कि पुराने चारपहिया लॉक में शिकायत थी कि चालक वाहन को रिवर्स लेकर भाग निकलते थे, जिससे लॉक टूट जाते थे. अब नए लॉक टायर पंचर करने की क्षमता रखते हैं. यानी लॉक लगाने के बाद वाहन खिसकाने की कोशिश भी बेकार है. नए पीओएस से ऑन स्पॉट चालान होंगे. 35 मशीनें थाने की पुलिस को दी जाएंगी ताकि शहरभर में ई-चालान सिस्टम मजबूत हो सके. वहीं ब्रीथ एनालाइजर से नशे में ड्राइविंग पर सख्ती बढ़ेगी, और बॉडी वॉर्न कैमरे ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई को पारदर्शी बनाएंगे. पुलिस उपायुक्त का कहना है कि सख्त कार्रवाई के बाद अब गलती करने वालों की जेब भी ढीली होगी और सड़कें भी खाली, गलत पार्किंग के दिन अब गए—व्हील लॉक तैयार है.
