मुंबई,15 जुलाई (वार्ता) विदेशों में शेयर बाजारों में मजबूती का असर मंगलवार को घरेलू बाजार पर भी देखा गया। लगातार चार दिन की गिरावट से उबरकर बीएसई का सेंसेक्स 317.45 अंक (0.39 प्रतिशत) की तेजी के साथ 82,570.91 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 113.50 अंक (0.45 प्रतिशत) की बढ़त में 25,195.80 अंक पर पहुंच गया।
बाजार में चौतरफा लिवाली रही। सेंसेक्स की 30 में से 22 कंपनियों में तेजी रही, जबकि आठ में गिरावट देखी गयी। सनफार्मा के शेयर सबसे ज्यादा 2.71 फीसदी चढ़े। एचसीएल टेक में 3.31 प्रतिशत की गिरावट रही।
बाजार की तेजी में रुपये में जारी बढ़त का भी योगदान रहा। अमेरिकी डॉलर की तुलना में रुपया आज 8.50 पैसे मजबूत हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में निफ्टी के साथ दूसरे सूचकांक भी हरे निशान में रहे। निफ्टी-100 में 0.49 प्रतिशत और निफ्टी मिडकैप-100 में 0.95 प्रतिशत की तेजी रही। बैंकिंग, ऑटो, एफएमसीजी, मेटल समेत सभी सेक्टरों में लिवाल से इनके सूचकांक हरे निशान में बंद हुए।
एनएसई में निफ्टी ऑटो सबसे ज्यादा 1.50 प्रतिशत चढ़ा। निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स 1.23 फीसदी, निफ्टी फाइनेंशल सर्विसेज 1.18 फीसदी और निफ्टी फार्मा 1.14 प्रतिशत मजबूत हुआ।
सकारात्मक रुझानों के कारण शेयर बाजार में शुरू से ही तेजी रही। निफ्टी-50 सुबह 7.20 अंक की मजबूती के साथ 25,089.50 अंक पर खुला। बीच कारोबार में एक समय यह 25,245.20 अंक तक पहुंच गया था। अंत में यह 113.50 अंक की तेजी के साथ बंद हुआ।
विदेशों में जहां सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार मजबूत बंद हुए थे, वहीं, जापान, हांगकांग, ब्रिटेन और दक्षिण कोरियाई शेयर बाजारों में भी तेजी रही। हालांकि चीन का शंघाई कंपोजिट गिरावट के साथ बंद हुआ।
वैश्विक स्तर पर सोने में जहां तेजी रही, वहीं कच्चे तेल की कीमतों में नरमी देखी गयी।

