नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में सोमवार को चावल के दाम बढ़ गये। गेहूं में भी तेजी रही। खाद्य तेलों की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया, जबकि चीनी और दालों में तेजी रही।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का दिसंबर वायदा 17 रिंगिट की बढ़त में 4,442 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.89 प्रतिशत की गिरावट के साथ 50.17 डॉलर के भाव बोला गया।
घरेलू थोक जिंस बाजारों में चावल की औसत कीमत 130 रुपये बढ़कर 3,875.45 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं भी सात रुपये महंगा हुआ और 2,870.42 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। आटे की कीमत 3,325.15 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रही।
खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव देखा गया। सूरजमुखी तेल 95 रुपये और वनस्पति 267 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। अन्य तेलों में गिरावट रही। सरसों तेल औसतन पांच रुपये और मूंगफली तेल 41 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ। पाम ऑयल 70 रुपये और सोया तेल 50 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया।
दाल-दलहनों में आज तेजी का रुख रहा। तुअर दाल की औसत कीमत 185 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। उड़द दाल में 58 रुपये और मूंग दाल में 168 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी। मसूर दाल 184 रुपये और चना दाल 131 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।
गुड़-चीनी : मीठे के बाजार में आज गुड़ की औसत कीमत 104 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। चीनी भी 18 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।
