ओमेगा सेकी 2500 पिंक ऑटोरिक्शों से महिला चालकों को बनाएगी सशक्त

नई दिल्ली, 12 अप्रैल (वार्ता) इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी ओमेगा सेकी मोबिलिटी (ओएसएम) ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अभूतपूर्व पहल करते हुए कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत नारी शक्ति महिला कल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से पूरे देश में 2500 विशेष डिज़ाइन वाले पिंक ऑटोरिक्शा महिलाओं को समर्पित करने की घोषणा की है।

कंपनी ने शनिवार को बताया कि इस कदम का उद्देश्य परिवहन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस साझेदारी के तहत विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए इलेक्ट्रिक पिंक ऑटो न केवल पर्यावरण अनुकूल हैं बल्कि इनमें चालक और यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए जीपीएस, इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम जैसे फीचर शामिल हैं। पिंक ऑटो की पहली फ्लीट दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में चलाई जाएगी और आगे चलकर इसे बेंगलुरु, उत्तरी कर्नाटक और चेन्नई में भी शुरू किया जाएगा।

ओमेगा सेकी मोबिलिटी के संस्थापक और अध्यक्ष उदय नारंग ने कहा, “हमारी यह पहल केवल सीएसआर तक सीमित नहीं बल्कि यह समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम है। हम महिलाओं को सिर्फ वाहन चलाने का अधिकार नहीं दे रहे बल्कि उन्हें सम्मानजनक जीवन और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने का अवसर भी दे रहे हैं।”

नारी शक्ति ट्रस्ट की अध्यक्ष सफीना जोसेफ ने कहा कि उनका संगठन पहले से ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं और वित्तीय प्रशिक्षण से जोड़ने में सक्रिय है। उन्होंने कहा, “ओमेगा सेकी मोबिलिटी के साथ यह साझेदारी महिलाओं के जीवन में नए अवसरों का द्वार खोलेगी और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी भी दर्शाएगी।”

ओएसएम ने महिला चालकों को प्रशिक्षित करने, वित्तीय जागरूकता देने और तकनीकी सहायता मुहैया कराने के लिए एक व्यापक समर्थन प्रणाली भी तैयार की है। चौबीस घंटे सातों दिन सहायता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित चैटबॉट, और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम की मदद से महिला चालकों को लगातार समर्थन दिया जाएगा।

Next Post

पेट्रोल और डीजल की कीमतें यथावत

Sat Apr 12 , 2025
नई दिल्ली 12 अप्रैल (वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में घटबढ़ के बीच सरकार के इन ईंधनों पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (एसएईडी) में दो-दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने के बावजूद घरेलू स्तर पर पेट्रोल और डीजल के दाम आज यथावत रहे, जिससे दिल्ली में […]

You May Like