
बैतूल। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को बैतूल स्थित भाजपा जिला कार्यालय ‘विजय भवन’ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन का अभियान बनाने और हर बूथ के प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने का आह्वान किया।
खण्डेलवाल ने कहा कि तिरंगा राष्ट्र की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों में राष्ट्र के प्रति गौरव, सम्मान और समर्पण की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग को अभियान से जोड़ने तथा हर बूथ के हर घर में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने को कहा।
उन्होंने तिरंगा यात्राओं में पूर्व सैनिकों, प्रबुद्धजनों और समाज के प्रभावी व्यक्तित्वों को विशेष रूप से शामिल करने तथा उनके नेतृत्व में यात्राएं आयोजित करने के निर्देश दिए। स्कूली बच्चों की सहभागिता को देखते हुए यात्राओं में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने को भी कहा।
खण्डेलवाल ने बाद में बैतूल बाजार मंडल में शक्ति केंद्र प्रभारियों एवं संयोजकों की बैठक लेकर पार्टी के आगामी कार्यक्रमों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को प्रदेश शासन के मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता तथा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक महेन्द्र सिंह चौहान, चन्द्रशेखर देशमुख, डॉ. योगेश पंडाग्रे, गंगाबाई उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, अभियान के जिला संयोजक कृष्णा गायकी सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
