इंदौर:शहर में भागीरथपुरा क्षेत्र के 16 लोगों की गंदे पानी से मौत होने पर कांग्रेस 11 जनवरी को न्याय यात्रा निकालेगी. शहर के सभी वार्डो में मृतकों को श्रद्धांजलि और नगरीय प्रशासन मंत्री के इस्तीफे की मांग की जाएगी. उक्त निर्णय आज कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में लिया गया.प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया कि 11 जनवरी को न्याय यात्रा बड़ा गणपति चौराहा से शुरू होकर राजवाड़ा पर अहिल्या प्रतिमा पर समाप्त होगी.
कांग्रेस उक्त यात्रा के द्वारा सभी मृत व्यक्तियों के परिवार के लिए न्याय मांगा जाएगा. भागीरथपुरा में गंदा पानी सप्लाई करने के बाद मौत कोई साधारण मौत या लापरवाही न होकर एक सुनियोजित हत्या है. ऐसे में यह आवश्यक है कि घटना के दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए. घटना की जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक कैलाश विजयवर्गीय को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए.
हम उनके इस्तीफा की मांग करते हैं.पटवारी ने कहा कि हम हर वार्ड में मृतकों को श्रद्धांजलि देंगे और लोगों को बताएंगे कि किस तरह से डबल इंजन और ट्रिपल इंजन की सरकार लोगों पर अत्याचार कर रही है. पीने का पानी भी जब जहरीला हो जाएगा तो फिर क्या बचेगा? व्यक्ति को जीवित रहने के लिए भोजन, हवा और पानी के रूप में तीन आवश्यकताएं होती है.
उसमें से एक पानी को भाजपा की नगर निगम परिषद में जहरीला बना दिया और सरकार मूक दर्शक बनी हुई है.गांधी भवन बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की इंदौर प्रभारी उषा नायडू, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया, शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और अन्य प्रमुख नेता मौजूद थे.
