अमित उनियाल बने पंजाब के मुख्य कोच

चंडीगढ़, 08 अगस्त (वार्ता) पंजाब ने 2026-27 घरेलू सीज़न से पहले अपने कोचिंग स्टाफ़ में बड़ा बदलाव करते हुए अमित उनियाल को मुख्य कोच नियुक्त किया है। उन्होंने संदीप शर्मा की जगह ली है। वहीं टीपी सिंह को बल्लेबाज़ी कोच, हरमीत सिंह को गेंदबाज़ी कोच और मनीष शर्मा को फ़ील्डिंग कोच बनाया गया है। इन तीनों ने क्रमशः उदय कौल, गगनदीप सिंह और संदीप सांवल की जगह ली है।

अपने खेल के दिनों में पंजाब के लिए बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ी ऑलराउंडर रहे उनियाल ने 29 प्रथम श्रेणी मैचों में 91 विकेट लिए थे। उनका गेंदबाज़ी औसत 29.94 रहा। उन्होंने 46 लिस्ट ए मैच भी खेले और आईपीएल 2009 में राजस्थान रॉयल्स के लिए चार टी 20 मुकाबलों में से दो में हिस्सा लिया। 2017 से वह चंडीगढ़ की विभिन्न कोचिंग और चयन समितियों से जुड़े रहे हैं। 2020-21 में वह टीम के सहायक कोच थे और पिछले सीज़न चयन समिति के अध्यक्ष रहे।

उनियाल की नियुक्ति के साथ पंजाब को लगातार चार सीज़न में चौथा मुख्य कोच मिला है। 2023-24 सीज़न में आविष्कार साल्वी के जाने के बाद वसीम जाफ़र और संदीप शर्मा, दोनों ही सिर्फ़ एक-एक सीज़न तक इस पद पर रहे।

हालांकि पंजाब की टीम सीमित ओवरों के क्रिकेट, विशेषकर टी 20 में, अच्छा प्रदर्शन कर रही है और 2023-24 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी भी जीती थी, लेकिन प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। पिछले तीन रणजी ट्रॉफ़ी सीज़न में टीम ने 21 मैचों में सिर्फ़ तीन जीत हासिल कीं, जबकि 10 मुक़ाबले गंवाए।

उनियाल ने क्रिकइंफो से कहा, “आजकल हर खिलाड़ी आईपीएल खेलना चाहता है। इसलिए उसका ज़्यादा ध्यान टी 20 क्रिकेट पर रहता है। यह सिर्फ़ पंजाब में नहीं, बल्कि हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और मुंबई जैसी टीमों में भी देखने को मिलता है। लेकिन हमारे पास प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। हमें सिर्फ़ एक इकाई के रूप में बेहतर खेलना होगा।”

उन्होंने कहा, “इस बार हम लाल गेंद के क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं। इसके लिए ऐसे गेंदबाज़ चाहिए जो 20 विकेट ले सकें और हम उसी दिशा में काम करेंगे।”

पिछले सीज़न में टीम चयन में भी निरंतरता की कमी दिखी। पंजाब ने रणजी ट्रॉफ़ी की शुरुआत नमन धीर की कप्तानी में की थी, लेकिन दो मैच बाद उदय सहारन कप्तान बन गए। शुभमन गिल ने भी एक मैच में टीम की अगुवाई की। पूरे सीज़न में पंजाब ने 27 खिलाड़ियों का इस्तेमाल किया, जो एलीट ग्रुप की किसी भी टीम से सबसे ज़्यादा था। गौरव गुप्ता की अगुआई वाली नई चयन समिति इस समस्या को दूर करने की कोशिश करेगी।

उनियाल ने कहा, “मुझे नहीं पता कि पिछले सीज़न क्या हुआ था, लेकिन जब टीम नहीं जीतती तो बदलाव ज़्यादा होते हैं। मैं चाहता हूं कि खिलाड़ी अपनी जगह खोने के डर के बिना मज़बूती से क्रिकेट खेलें। अगर किसी खिलाड़ी को चुना जाता है तो उसे खुद को साबित करने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।”

Next Post

डिकेन पुलिस पर वसूली, मारपीट के आरोप, 50 हजार मांगने, रातभर हिरासत मामले में रखा, एएसपी कर रहे जांच

Sat Aug 8 , 2026
नीमच। रतनगढ़ थाना क्षेत्र की डिकेन पुलिस चौकी पर दो डंपर चालकों को हिरासत में लेकर मारपीट करने और छोडऩे के एवज में 50 हजार रुपए मांगने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीडि़तों ने शनिवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। एसपी ने मामले की जांच अतिरिक्त […]

You May Like