भोपाल। कोहेफिजा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह बच्चों से भरी एक स्कूल वैन हादसे का शिकार हो गई। भोपाल गर्ल्स स्कूल की वैन पंचवटी से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान कोहेफिजा फ्लाईओवर पर वैन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे के समय वैन में 6 बच्चे सवार थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, वैन में मौजूद स्कूल की एक महिला स्टाफ सदस्य के सिर में चोट आई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और बच्चों को दूसरी गाड़ी से सुरक्षित स्कूल रवाना किया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वैन चालक ने सामने आए एक बड़े वाहन को बचाने की कोशिश की, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया। वहीं, ब्रेक में तकनीकी खराबी की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने वैन को जब्त कर तकनीकी जांच के निर्देश दिए हैं। हादसे के सही कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
