सिंगरौली:जिले में नियम विरुद्ध परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश और जिला परिवहन अधिकारी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत बंधौरा और सासन क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच की गई।इस दौरान बिना परमिट संचालित मालवाहन क्रमांक डीडी 01 एक्यू 9088 को जप्त कर सुरक्षार्थ आरटीओ कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया।
जांच के दौरान खुले में रेत, गिट्टी, मिट्टी, कोयला और फ्लाई ऐश का परिवहन, ओवरलोडिंग, बिना पीयूसी प्रमाणपत्र तथा रेडियम रिफ्लेक्टर नहीं होने सहित अन्य दस्तावेजी कमियां मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। यात्री वाहनों में डबल डोर, आपातकालीन खिड़की और निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां मिलने पर भी मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग के अनुसार अगस्त माह में अब तक ऑनलाइन और ऑफ लाइन माध्यम से 8 लाख 41 हजार रुपये का शासकीय राजस्व प्राप्त हुआ है। वहीं सड़क सुरक्षा के तहत भारी वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर भी लगाए जा रहे हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना परमिट, ओवरलोडिंग, बिना तिरपाल और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
