
अनूपपुर/भालूमाड़ा। भालूमाड़ा पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इसरार मन्सूरी एवं एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के मार्गदर्शन में मर्ग की जांच की गई। जांच में सामने आया कि ग्राम निवासी आरोपी गणेश प्रजापति, दीपक प्रजापति एवं अर्जुन प्रजापति मृतक अजय कुमार कोल को लगातार धमकाते और प्रताड़ित करते थे। आरोपियों ने मृतक को उसकी मां व मामा के सरपंच होने पर बार-बार ताने मारे और 16 अगस्त को विवाद कर उसके साथ मारपीट की तथा मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। इस मानसिक उत्पीड़न से क्षुब्ध होकर अजय कुमार कोल ने 23 अगस्त की शाम लगभग 5.30 बजे अपने घर की आटारी में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जांच पर थाना भालूमाड़ा पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 108, 115(2), 324(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। विवेचना के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक संजय खलको के नेतृत्व में साइबर सेल की मदद से आरोपी गणेश प्रजापति एवं अर्जुन प्रजापति को ग्राम पड़ौर (लतार) से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी भालूमाड़ा संजय खलको, उप निरीक्षक जे.पी. लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक रविशंकर गुप्ता, प्रधान आरक्षक कृपाल सिंह, जितेन्द्र खलको, आरक्षक देवेंद्र तिवारी, धर्मेंद्र यादव, साइबर सेल से प्रधान आरक्षक राजेन्द्र अहिरवार एवं आरक्षक पंकज मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
