इंदौर:निपानिया क्षेत्र, बीसीएस पार्क निवासी गुजराती समाज के वरिष्ठ महेंद्र भाई पटेल के निधन के बाद उनके नेत्र, त्वचा और देहदान संपन्न हुआ. दिवंगत के पुत्र विनीत पटेल और भावनेश पटेल ने अपने पिता की इच्छा के अनुरूप यह परोपकारी कार्य कर समाज में दान और सेवा का संदेश दिया.मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार दिवंगत को शासकीय सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया, जिसमें गुजराती समाज के वरिष्ठजन और परिजन उपस्थित रहे और इस कार्य की सराहना की. एमजीएम मेडिकल कॉलेज में देहदान से पहले दिवंगत के नेत्र एमवायआई बैंक में और त्वचा चोइथराम स्किन बैंक, इंदौर में ग्रहण की गई.
इस प्रक्रिया का समन्वय भावनेश पटेल और मिहिर तुरखिया ने किया. इस अंगदान से दृष्टिहीन लोगों को रोशनी और त्वचा रोगियों को चिकित्सा लाभ मिलेगा. देहदान से शरीर का उपयोग एमजीएम मेडिकल कॉलेज में एनाटॉमी अध्ययन हेतु किया जाएगा. इस पुनीत कार्य में नेत्रदान में डॉ. श्रुति और डॉ. रवि तथा त्वचा दान में मुस्कान ग्रुप के सेवादार जीतू बगानी, जयवंत निकम और डॉ. अरविंद घनघेरिया के मार्गदर्शन में डॉ. राजेंद्र मार्को ने तकनीकी सहायता प्रदान की. मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री द्वारा देहदानियों को मिलने वाले गॉड ऑफ ऑनर से पिछले सप्ताह इंदौर और उज्जैन संभाग में तीन देहदान संपन्न हो चुके हैं.
