नयी दिल्ली, (वार्ता) एडवेंचर मोटरस्पोर्ट की रोमांचक दुनिया में भारत के लिए गर्व का पल आने वाला है। भारत के सबसे अनुभवी क्रॉस-कंट्री रैली ड्राइवरों में से एक ल्हाक्पा त्सेरिंग प्रतिष्ठित एशिया क्रॉस कंट्री रैली 2025 में हिस्सा लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्हें जेके टायर – जो चार दशकों से भारत में मोटरस्पोर्ट्स का प्रमुख प्रमोटर है – के साथ अरुणाचल प्रदेश के युवा मामले विभाग, तानोर इंजीनियरिंग के संस्थापक डिलिंग ताटक और डॉक राइडर का समर्थन प्राप्त है।
यह रैली 8 से 16 अगस्त तक थाईलैंड में आयोजित होगी और 3,400 किलोमीटर से अधिक की कठिन यात्रा को कवर करेगी, जिसमें घने जंगल, पहाड़ी रास्ते, नदी के किनारे और चुनौतीपूर्ण ऑफ-रोड ट्रैक शामिल होंगे। यह एंड्यूरेंस , नेविगेशन और दृढ़ता की चरम परीक्षा होगी, जिसमें एशिया के शीर्ष रैली ड्राइवर शामिल होंगे।
“डकार ऑफ द ईस्ट” कहलाने वाली यह रैली थाईलैंड की टोयोटा गाजू रेसिंग के अलावा इंडोनेशिया, जापान, कोरिया, ताइवान, लाओस, कंबोडिया, मलेशिया, वियतनाम और भारत की टीमों को आमने-सामने लाएगी। रेस का आरंभ और समापन पटाया में होगा, जिसमें नौ दिन मानसिक धैर्य, शारीरिक ताकत और टीमवर्क की सख्त मांग करेंगे। ल्हाक्पा त्सेरिंग इस रैली में नवीनतम टोयोटा डीलक्स चलाएंगे, जो कठिन परिस्थितियों में अपनी शक्ति और मजबूती के लिए जानी जाती है।
ल्हाक्पा त्सेरिंग ने कहा, “एशिया क्रॉस कंट्री रैली में भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है और यह और भी खास है कि मैं पूर्वोत्तर की उम्मीदों को लेकर जा रहा हूं। यह अवसर न केवल मेरी यात्रा में बल्कि इस क्षेत्र के उभरते मोटरस्पोर्ट्स टैलेंट के लिए भी एक बड़ा कदम है। मैं जेके टायर, अरुणाचल प्रदेश के युवा मामले विभाग और तानोर इंजीनियरिंग का आभारी हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया।”
अबु तायेंग सचिव, खेल एवं युवा मामले, अरुणाचल प्रदेश ने कहा, “हम राज्य की प्राकृतिक खूबसूरती और दक्षिण-पूर्व एशिया जैसी भौगोलिक समानताओं का लाभ उठाकर टैलेंट विकास, इको-टूरिज्म और क्षेत्रीय गौरव को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष इकोसिस्टम बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। यह रणनीति अरुणाचल को एडवेंचर स्पोर्ट्स का एक प्रमुख केंद्र बनाएगी, जो पर्यटन, निवेश और युवा नवाचार को आकर्षित करेगा।”
संजय शर्मा, हेड – कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन और मोटरस्पोर्ट्स, जेके टायर ने कहा, “ल्हाक्पा की भागीदारी पूर्वोत्तर के लिए गर्व का क्षण है, जो एडवेंचर और एंड्योरेंस स्पोर्ट्स में तेजी से उभर रहा है। हम लंबे समय से इस क्षेत्र में मोटरस्पोर्ट्स को बढ़ावा दे रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय मंच पर ल्हाक्पा का समर्थन करना उसी का हिस्सा है।”
