मुंबई, 16 सितंबर (वार्ता) निर्देशक श्रीजा बरुआ नलावड़े की आगामी फिल्म ‘द मशरूम्स’ का नया हिंदी रेट्रो गीत ‘कैसी है ये शाम आज की’ रिलीज हो गया है। गीत में 80 के दशक के हिंदी सिनेमा के रोमांस और संगीत की झलक देखने को मिलती है। गीत में अनुष्का कौशिक और अभिजीत नलावड़े पहली बार एक साथ स्क्रीन साझा करते नजर आ रहे हैं। इसे तरन्नुम मलिक जैन ने अपनी आवाज दी है, जबकि संगीत परेश शाह ने तैयार किया है।
क्लासिक हिंदी सिनेमा से प्रेरित यह गीत पुराने दौर के रोमांस, ग्लैमर और नॉस्टैल्जिया को आधुनिक सिनेमाई अंदाज के साथ पेश करता है। निर्देशक श्रीजा बरुआ नलावड़े ने कहा कि वह पुराने हिंदी सिनेमा की सादगी और भावनात्मक खूबसूरती से हमेशा आकर्षित रही हैं और इस गीत के जरिए उसी एहसास को आज के दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की है। ‘द मशरूम्स’ का निर्माण श्रीजा बरुआ नलावड़े और अभिजीत नलावड़े ने किया है। फिल्म लसाकी मीडियावर्क्स द्वारा प्रस्तुत है। फिल्म की कहानी और पटकथा श्रीजा बरुआ नलावड़े और अभिजीत नलावड़े ने लिखी है।

