जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल की कांग्रेस में वापसी, भाजपा पर कुमारी शैलजा का हमला

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (वार्ता) मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय, 24 अकबर रोड पर उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी और पार्टी महासचिव कुमारी शैलजा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामा।

 

इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता यशपाल आर्य समेत अन्य नेता भी मौजूद रहे। श्री रामशरण नौटियाल की कांग्रेस में वापसी का स्वागत करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि उनके पुराने साथी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में घुटन महसूस हो रही थी और वहां के माहौल तथा कामकाज से उनका मन खिन्न हो गया था। उन्होंने कहा कि रामशरण नौटियाल फिर से कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं और पार्टी उनका स्वागत करती है।

 

वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि श्री नौटियाल के पार्टी में शामिल होने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्री नौटियाल की मौजूदगी से संगठन को नई ताकत मिलेगी। इस दौरान कुमारी शैलजा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया लेकिन पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि मामले में भाजपा से जुड़े लोगों के कथित ऑडियो सामने आए और एक वीआईपी का नाम भी चर्चा में आया लेकिन जांच के सभी पहलुओं को पूरी तरह नहीं खंगाला गया।

 

कुमारी शैलजा ने आरोप लगाया कि वीआईपी के तौर पर जिसका नाम सामने आया, उस दुष्यंत गौतम से पूछताछ नहीं की गई। उन्होंने सिक्किम के राजभवन में उन्हें बैठाए जाने को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि इससे कानूनी कार्रवाई प्रभावित होने की आशंका है। गौरतलब है कि उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस लगातार अपनी संगठनात्मक तैयारियों को धार दे रही है। श्री नौटियाल की पार्टी में वापसी को इसी राजनीतिक तैयारी के बीच महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

.....

Next Post

रावण दहन की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने किया रामलीला मैदान का निरीक्षण

Mon Oct 19 , 2026
सिंगरौली। आगामी दिनों में राजमाता चून कुमारी स्टेडियम मैदान वैढ़न में होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। रावण दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के पहुंचने की […]

You May Like

Play sound