शिवपुरी में महिला पटवारी का रिश्वत मांगते हुए ​ऑडियो वायरल, हुईं सस्पेंड

शिवपुरी: शिवपुरी जिले के कोलारस तहसील की ग्राम चंदौरिया मे पदस्थ महिला पटवारी का एक ग्रामीण से रिश्वत की मांग करते हुए एक ऑडियो वायरल हुआ हैं। वायरल ऑडियो में महिला पटवारी नामांतरण के एवज में एक ग्रामीण से बात करती हुई सुनाई दे रही है। आडियो वायरल होने के उपरांत एसडीएम ने महिला पटवारी को निलंबित कर दिया है। दो दिन पूर्व ग्राम चंदौरिया में पदस्थ महिला पटवारी मीना कुशवाह की किसी जमीन के फौती नामांतरण के एवज में रिश्वत की मांग करते हुए ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ । इस ऑडियो में जो ग्रामीण महिला पटवारी के घर पहुंचा है वह किसी गजराज नामक व्यक्ति के माध्यम से महिला पटवारी के संपर्क में आया है।

ग्रामीण सिर्फ यही नहीं कई प्रकरणों को लेकर महिला पटवारी से बात कर रहा है, जिनके संबंध में महिला पटवारी रिश्वत की बात करती हुई सुनाई दे रही है। महिला पटवारी ने इस बातचीत के दौरान यहां तक कहा है कि उसने जो राशि कही है वह लीगल है, इसमें से आधी राशि वहां जाती है और आधी यहां रहती है। हालांकि महिला पटवारी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि आधी राशि किसे दी जाती है। इसके अलावा वह बाबू के हिस्से की बात करती हुई भी सुनाई दे रही है। उक्त महिला पटवारी की पूर्व में भी कई शिकायतें आई हैं। इसी वायरल ऑडियो को लेकर कोलारस तहसीलदार ने एक प्रतिवेदन कोलारस एसडीएम अनूप श्रीवास्तव को दिया।

उक्त प्रतिवेदन के आधार पर एसडीएम ने महिला पटवारी को निलंबित किया है। निलंबन आदेश में यह उल्लेख है कि पटवारी मीना कुशवाह ग्राम चंदौरिया द्वारा नामांतरण के प्रकरण में पैसा का आडियो में कह रही हैं, आधा वहां जाता है आधा यहां रहता है, लेन-देन किया जा रहा है। इस संबंध में ऑडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें पटवारी द्वारा पैसों के लेनदेन की बात की गई है। मीना कुशवाह की इस प्रकार की शिकायत पूर्व में भी प्राप्त हुई है। जिससे प्रशासन की छवि धूमिल हुई है। अतः तहसीलदार कोलारस के प्रतिवेदन से सहमत होते हुए, मप्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के उपनियम 9 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए मीना कुशवाह ग्राम चंदौरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में पटवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय कोलारस रहेगा तथा इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

Next Post

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बदलाव नहीं

Thu Mar 26 , 2026
नयी दिल्ली, 26 मार्च (वार्ता) देश में सामान्य पेट्रोल और डीजल के दाम गुरुवार को अपरिवर्तित रहे। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये और डीजल की 87.67 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर रही। सामान्य […]

You May Like