शहर के बीच पहुंची मेट्रो, 17 किमी के कॉरिडोर पर दौड़ी

इंदौर। इंदौर मेट्रो अब सुपर कॉरिडोर से आगे बढ़कर शहर के बीच पहुंच गई है। शनिवार को गांधीनगर से मालवीय नगर चौराहे तक करीब 17 किलोमीटर लंबे विस्तारित कॉरिडोर का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही बापट चौराहा, विजय नगर और रेडिसन क्षेत्र मेट्रो नेटवर्क से जुड़ गए। रविवार, 6 सितंबर से इस विस्तारित मार्ग पर आम यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा शुरू होगी।

ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर , केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेट्रो सेवा के विस्तार का शुभारंभ किया। इसके बाद बापट चौराहा स्टेशन से कमर्शियल रन को हरी झंडी दिखाई गई। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर मेट्रो ट्रेन में स्कूली बच्चों के बीच पहुंचे। दोनों नेताओं ने बच्चों से बातचीत की और मेट्रो सफर के अनुभव के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए। बच्चों ने नेताओं से बातचीत की और इस यादगार सफर को लेकर खुशी जताई।

रोज 80 से अधिक फेरे

विस्तारित कॉरिडोर पर हर 15 मिनट में मेट्रो उपलब्ध होगी। सुबह 9 बजे पहली और शाम 7 बजे अंतिम मेट्रो चलेगी। रोजाना 80 से अधिक फेरे होंगे। गांधीनगर और मालवीय नगर चौराहा से संचालन किया जाएगा। पूरे विस्तारित मार्ग पर 16 स्टेशन होंगे।

यात्रियों को सीधा लाभ

इस विस्तार से सुपर कॉरिडोर की आईटी कंपनियों, शैक्षणिक संस्थानों और विजय नगर-मालवीय नगर क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। अरविंदो अस्पताल जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए भी आवागमन आसान होगा। मेट्रो से कुमेड़ी आईएसबीटी तक पहुंच भी सुविधाजनक होगी।

किसने क्या कहा…….

एमपी देश का दिल , इंदौर उसकी धड़कन : खट्टर 

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि इस कॉरिडोर के शुरू होने के बाद देश में मेट्रो नेटवर्क करीब 1170 किमी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि चीन में करीब 8000 किमी मेट्रो नेटवर्क है, लेकिन भारत आने वाले दो वर्षों में अमेरिका को पीछे छोड़कर दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क वाला देश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि मेट्रो से शहरों की लोकल परिवहन व्यवस्था मजबूत होती है। मध्यप्रदेश को देश का दिल बताते हुए उन्होंने कहा कि इंदौर उसकी धड़कन है और इंदौर की विकास गति लगातार बढ़नी चाहिए ।

और विस्तार करेंगे : मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मेट्रो का पहला चरण बाहरी क्षेत्र में था, जबकि अब यह शहर के भीतर पहुंच गई है। आने वाले चरणों में इसका विस्तार शहर के अन्य हिस्सों तक किया जाएगा। उन्होंने इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन को भी क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया।

पीथमपुर ,उज्जैन और मक्सी तक ले जाएंगे : विजयवर्गीय

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मेट्रो का नेटवर्क आने वाले वर्षों में लगातार विस्तार किया जाएगा। इसे पीथमपुर, उज्जैन और उज्जैन से आगे अवंतिका होते हुए मक्सी तक ले जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि मेट्रो अब शहर के बाहरी हिस्से तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के मध्य तक पहुंच चुकी है।

Next Post

अतिवृष्टि से गिरे गरीबों के आशियाने, सरकार तत्काल दे आर्थिक सहायता : ज्ञान सिंह

Sat Sep 5 , 2026
सीधी। जिले में पिछले एक माह से लगातार हो रही बारिश और अतिवृष्टि ने गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कई कच्चे और पक्के मकान क्षतिग्रस्त होकर गिर गए हैं, जबकि अनेक घरों में पानी भरने से लोगों का घरेलू सामान बर्बाद हो गया […]

You May Like