
इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के विदुर नगर स्थित कैफे में हुई युवक की हत्या का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और पूर्व विवाद के चलते सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देना सामने आया है.
घटना 4 जून 2026 की है, जब विदुर नगर के एक कैफे में क्रिश श्रीवास्तव नामक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया था. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की. जांच में सामने आया कि 22 मई को आरोपी अनिकेत पाल और मृतक के बीच विवाद हुआ था. अगले दिन मृतक ने इस विवाद की जानकारी अपने मित्र आदर्श जोशी को दी, जिसकी रिकॉर्डिंग बाद में आरोपियों तक पहुंच गई. रिकॉर्डिंग सुनने के बाद अनिकेत, अंकित और शिवम ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. योजना के तहत आदर्श जोशी ने मृतक को फोन कर आर-वन कैफे बुलाया और वहां पहुंचने की सूचना अन्य आरोपियों को दे दी. इसके बाद सभी आरोपी मौके पर पहुंचे और एकजुट होकर चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवक की मौत हो गई. वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश और तकनीकी विश्लेषण के जरिए गिरफ्तार कर लिया. पुलिस उपायुक्त जोन-4 सुनील मेहता ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया. मामले में हत्या, साजिश सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
