
इंदौर। सांवेर रोड इलाके में शुक्रवार को हुए कुत्ते के हमले के बाद शनिवार को भी दहशत का माहौल बना हुआ है. नगर निगम की टीमों ने कार्रवाई करते हुए 25 कुत्तों को पकड़ा है, लेकिन हमला करने वाला कुत्ता अब भी पकड़ में नहीं आया है. घटना में घायल 40 से अधिक लोगों का इलाज जारी है.
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह अरबिंदो अस्पताल के पिछले हिस्से से एक कुत्ता परिसर में घुसा था और स्टाफ पर हमला करने के बाद आसपास के इलाकों में पहुंचकर लोगों को काटता गया. हमले में डॉक्टर, नर्स, मेडिकल स्टूडेंट्स, मरीज, सिक्योरिटी गार्ड और राहगीर सहित 40 से ज्यादा लोग घायल हुए थे, जिनमें 16 से अधिक लोग अस्पताल से जुड़े हैं. घटना के बाद शनिवार को नगर निगम की दो टीमें अरबिंदो अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचीं. टीमों ने घेराबंदी कर 25 कुत्तों को पकड़ा, लेकिन हमलावर कुत्ता हाथ नहीं लग सका. इसके चलते रेवती रेंज, बरदरी गांव, एलएनसीटी कॉलेज, रेनेसा कॉलेज, नरसिंह मुंजी कॉलेज और आसपास के इलाकों में लोगों में डर बना हुआ है. लोग अब अकेले निकलने से बच रहे हैं, वहीं अभिभावकों ने बच्चों को बाहर भेजने में सावधानी बरतना शुरू कर दिया है. उधर, घायलों का अरबिंदो अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में इलाज जारी है, जहां उन्हें एंटी रेबीज वैक्सीन समेत जरूरी उपचार दिया जा रहा है. नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीमें क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही हैं, जबकि हमलावर कुत्ते की तलाश जारी है.
