
सारनी। समाज सेवा के प्रति सक्रिय कार्यकर्ता को मिली बड़ी जिम्मेदारी। शोभापुर कॉलोनी से सुनील भलावी जिला उपाध्यक्ष मीडिया प्रभारी व बगडोना से श्यामू परते को घोड़ाडोंगरी ब्लॉक अध्यक्ष की बाग डोर सौंपी गई। मध्यप्रदेश आदिवासी विकास परिषद, भोपाल द्वारा आदिवासी समाज के उत्थान एवं संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बैतूल जिले में नई नियुक्ति की गई है। परिषद के जिला अध्यक्ष मा. मुनालाल बावड़िया द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार समाज सेवा एवं संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ता को परिषद में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।नियुक्ति पत्र में उल्लेख किया गया है कि संबंधित कार्यकर्ता की समाज के प्रति निष्ठा, सक्रियता एवं संघर्षशील कार्यशैली को देखते हुए यह जिम्मेदारी प्रदान की गई है। परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की अनुशंसा पर यह नियुक्ति की गई, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।परिषद ने विश्वास व्यक्त किया है कि नव नियुक्त पदाधिकारी आदिवासी समाज के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे तथा संगठन के निर्देशों का पालन करते हुए समाज हित में नई पहल करेंगे।
इस नियुक्ति के बाद क्षेत्रीय आदिवासी समाज एवं संगठन से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। समाजजनों ने इसे आदिवासी युवाओं को नेतृत्व में आगे लाने वाला सकारात्मक निर्णय बताते हुए शुभकामनाएं दी हैं।परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य आदिवासी समाज को शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। नई नियुक्तियां इसी दिशा में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का कार्य करेंगी।
