
भोपाल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल द्वारा मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी) के समीप वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दोहराया गया।
कार्यक्रम में मानव संसाधन विकास केंद्र के अपर महाप्रबंधक आरिफ अहमद सिद्दीकी, प्रचार एवं जनसंपर्क विभाग के अपर महाप्रबंधक उपेन्द्र कुमार सिंह, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी तथा अप्रेंटिस प्रशिक्षु उपस्थित रहे। अभियान के तहत एचआरडीसी परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए, ताकि हरित वातावरण को बढ़ावा दिया जा सके और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो।
इस अवसर पर आरिफ अहमद सिद्दीकी ने मानव संसाधन विकास केंद्र से जुड़े कर्मचारियों एवं प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग ले रहे महाविद्यालयीन छात्रों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में प्रतिभागियों से व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने तथा सतत भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों, विद्यार्थियों और भावी कार्यबल के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एचआरडीसी के निरंतर प्रयासों को रेखांकित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां पर्यावरणीय जिम्मेदारी की संस्कृति को सुदृढ़ करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व को समझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस का यह आयोजन सामुदायिक सहभागिता और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति बीएचईएल, भोपाल की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।
