सतना: उचेहरा के मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक का ताला टूटने के उपरान्त पुलिस ने जगह जगह सघन चेकिंग की, साथ ही उचेहरा से सतना तक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। इसके अलावा पुलिस और बैंकर्स की बैठक भी हुई है।गौरतलब है कि मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोर मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक का ताला तोड़ बैंक परिसर के अंदर घुसे थे। बैंक के ठीक बगल में सैनिक कैंटीन सुपरमार्केट का ताला तोड़ कर 15 हजार रुपए नगद समेत हजारों की सामग्री ले उड़े थे।
इस दौरान 112 वाहन से गश्त कर रही उंचेहरा पुलिस की आहट देख चोर रफूचक्कर हुए थे।बैंक में बड़ी वारदात घटित होने से बाल-बाल बची थी। इस मामले को उंचेहरा पुलिस गंभीरता से लेते हुए नाका बंदी कर संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।इसी कड़ी में गुरुवार को उंचेहरा से लेकर सतना तक सीसीटीव्ही खंगाले गए।पुलिस संदिग्धों की तलाश में दिन भर जुटी रही।इस बीच जैसे ही नगर वासियो को यह भनक लगी कि स्टेट बैंक जल्द ही ग्राम पंचायत के रगला मछकपा में शिफ्ट होगा।
यह ख़बर सुन बैंक के निवेशकों ने इसका विरोध किया है। बैंक उपभोक्ताओं का कहना है जब बैंक सुरक्षित जगह में है तब इसे हटाने की आवश्यकता क्या है।यदि बैंक आउटर में रेल्वे फाटक की ओर गया तो वहां घटना की संभावना बनी रहेगी। बैंक का संचालन सुरक्षित जगह व शहर के बीच में करवाने के लिए आवाज उठाई गई है।
यहां बता दें कि मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक में चोरी का प्रयास किए जाने के बाद उचेहरा टीआई सतीश मिश्रा ने बुधवार की शाम कस्बे के सभी बैंकों की सुरक्षा के विषय में विशेष बैठक ली।
इस बैठक में इंडियन बैंक अधिकारी शामिल हुए। आपसी चर्चा में पुलिस को ज्ञात हुआ कि चार में से दो बैंकों के सायरन चालू नहीं हैं। एक बैंक में बाहर का कैमरा खराब है जबकि अंदर के कैमरे चालू स्थिति में हैं। ग्रामीण बैंक जहां चोरी का प्रयास किया गया वहां बाहर कोई कैमरा नहीं है। इंडियन बैंक के सभी कैमरे चालू हैं लेकिन सिक्योरिटी गार्ड की व्यवस्था किसी बैंक में नहीं है। टीआई मिश्रा ने सभी बैंक अधिकारियों से सुरक्षा इंतजाम कड़े किए जाने का अनुरोध किया है।
