गैस संकट पर फूटा गुस्सा, खाली सिलेंडर लेकर सडक़ पर उतरे उपभोक्ता

सतना: मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में रसोई गैस की कमी को लेकर शुक्रवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर अमरपाटन-सतना मार्ग स्थित मानसी गैस एजेंसी के सामने सडक़ पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए प्रदर्शन से सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि वे आसपास के गांवों से सिलेंडर लेने एजेंसी पहुंचे थे, लेकिन लंबे समय तक लाइन में खड़े रहने के बावजूद गैस नहीं मिली। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने 10 से 15 दिन पहले बुकिंग कराई थी, लेकिन अब तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हुई। एजेंसी पहुंचने पर भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा, जिससे नाराज होकर लोगों ने धरना शुरू कर दिया।
उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी पर कृत्रिम संकट पैदा करने और कालाबाजारी के आरोप लगाए। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि एजेंसी में सिलेंडर उपलब्ध हैं, लेकिन आम उपभोक्ताओं को नहीं दिए जा रहे। उनका आरोप था कि बाहर सप्लाई कर मनमाने तरीके से वितरण किया जा रहा है। लोगों ने सवाल उठाया कि समय पर बुकिंग के बावजूद गैस आखिर क्यों नहीं मिल रही है।

राहगीर हुए परेशान
चक्काजाम के कारण अमरपाटन-सतना मार्ग पर लंबा जाम लग गया। यात्रियों, स्कूली बच्चों और मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। सूचना मिलने पर अमरपाटन पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया। इसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

Next Post

पीएम सूर्य घर’ योजना को मिली नई रफ्तार,

Sat Apr 25 , 2026
सतना: शहर में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत सिटी एक्सीलरेटर प्रोग्राम की शुरुआत की गई। पूर्व क्षेत्र विद्युत कंपनी के पुराना पावर हाउस स्थित शहर संभाग कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महापौर योगेश ताम्रकार ने मुख्य अतिथि के […]

You May Like