सतना: शहर में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत सिटी एक्सीलरेटर प्रोग्राम की शुरुआत की गई। पूर्व क्षेत्र विद्युत कंपनी के पुराना पावर हाउस स्थित शहर संभाग कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महापौर योगेश ताम्रकार ने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया।
इस दौरान शहर में रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नेशनल सोलर एनर्जी फेडरेशन ऑफ इंडिया और ईदम इंफ्रा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता मृगेंद्र सिंह चंदेल, कुलदीप मिश्रा, अवनीश पांडे, रामविनीत तिवारी, पूनम गुप्ता सहित विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘सोलर रथ’ रहा, जिसे अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को ‘पीएम सूर्य घर’ योजना की जानकारी देगा और घरों में रूफटॉप सोलर लगाने के लिए प्रेरित करेगा। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत घर-घर संपर्क, नुक्कड़ नाटक, स्कूलों में कार्यक्रम और डिजिटल माध्यमों से लोगों को योजना के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को योजना से जोडऩा और उन्हें सरकारी अनुदान का लाभ दिलाना है।
बिल घटेगा, पर्यावरण भी बचेगा
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सौर ऊर्जा आज समय की जरूरत है। इससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कमी आएगी, साथ ही स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस अभियान से सतना शहर में सोलर ऊर्जा अपनाने की रफ्तार तेज होगी।
