सतना: कपड़े और ट्रॉली बैग खरीदने पहुंचे दो युवकों ने फर्जी फोन पे ऐप के जरिए भुगतान दिखाकर दुकानदार को 5 हजार रु का चूना लगा दिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।थाना प्रभारी कोतवाली मैहर अनिमेष द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को फरियादी अभय दहिया निवासी हरनामपुर, मैहर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी दुकान, जो सरला नगर रोड ओवरब्रिज के नीचे स्थित है, पर दो व्यक्ति कपड़े एवं ट्रॉली बैग खरीदने आए थे।
आरोपियों द्वारा लगभग 5000 रुपये की खरीदारी करने के बाद फर्जी फोनपे ऐप के माध्यम से भुगतान सफल होना दर्शाकर वहां से चले गए, जबकि फरियादी के खाते में कोई राशि प्राप्त नहीं हुई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस द्वारा तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से फर्जी फोनपे ऐप वाला मोबाइल फोन तथा खरीदे गए कपड़े एवं बैग बरामद किए गए। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
